जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल मेें भारी वर्षा से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। भारी वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम डांगी गांव के अंतर्गत कंटरखोली तोक में बुधवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बड़ा हादसा हो गया। बकरी बाड़े में पहाड़ी में मलबा घुस जाने से दो बकरियों की मौत हो गई, जबकि कई बकरियां घायल हो गई है।
बकरी पालक भीम सिंह के बकरी बाड़े में पहाड़ी से मलबा घुस जाने से दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई बकरियां घायल हो गई। गनीमत रही कि बकरी बाड़ा के अंदर उस वक्त परिवार का कोई सदस्य नहीं गया वरना कोई अप्रिय घटना घट सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, राजस्व विभाग और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तीनों विभागों द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण कर विभागीय कार्यवाही की गई है। राजस्व उप निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि मृतक मवेशियों का पशु चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य प्रशिक्षण कर दैवीय आपदा के तहत उचित मुआवजा के लिए तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।