पुरानी पेंशन बहाली के लिए निकाली हुंकार रैली

Spread the love

चमोली। पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए लेकर शिक्षकों, कर्मचारियों ने ढोल दमाऊं के साथ हुंकार रैली निकाली और प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों ने जल्द पुरानी पेंशन लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा यदि जल्द पुरानी पेंशन लागू नहीं की गई तो तो पैनडाउन सहित कार्यबहिष्कार किया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा में ओपीएस को देखकर ही वोट करेंगे। रविवार को पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की जिला कार्यकारिणी की ओर से ढोल दमाऊं के साथ उमा महेश्वर आश्रम के पास से होते हुए पंचपुलिया से मुख्य बाजार तक हुंकार रैली निकाली। रैली में पूरे प्रदेश से भारी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी पहुंचे। मुख्य बाजार में आयोजित जनसभा में पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि 1 अक्तूबर 2005 के बाद उत्तराखंड में सरकार ने एनपीएस लागू किया। फिर 1 अप्रैल 2025 से जो यूपीएस लागू करने जा रही थी लेकिन पूरे देश में आंदोलन के कारण यूपीएस लागू नहीं हो पाया। हमारी सिर्फ एक मांग है कि ओपीएस दे दी जाए। मोर्चा के प्रदेश महामंत्री पूरण फर्स्वाण ने कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता पर टिकी है। सरकार के विधायक और सांसद पुरानी पेंशन का लाभ ले रहे हैं लेकिन सरकार हमारे बुढ़ापा का सहारा छीनने का काम कर रही है। राशिसं के जिलाध्यक्ष प्रकाश चौहान ने कहा यदि अन्य प्रदेशों में पुरानी पेंशन लागू की जा रही है तो प्रदेश सरकार यहां लागू करने में क्यों पीछे है। उन्होंने कहा कि आगामी अक्तूबर माह में सभी कर्मचारी, शिक्षक सचिवालय घेराव कर सरकार को अपनी ताकत दिखाएंगे। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी विक्रम रावत, प्रांतीय संयोजक लक्ष्मण सिंह सजवाण, प्रदेश महिला अध्यक्ष रश्मि गौड़, मंडल उपाध्यक्ष सुनीता कप्रवाण, मंडलीय अध्यक्ष शंकर भट्ट, जयदीप रावत, राकेश रावत, माखन लाल शाह और प्रदीप भंडारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *