नए जलस्रोत की तलाश में जुटा जल संस्थान

Spread the love

नई टिहरी। गर्मी बढ़ने के साथ लंबगांव नगर क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है। करीब पांच हजार की आबादी वाले नगर क्षेत्र में इन दिनों पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। पानी की सीमित आपूर्ति होेने से दैनिक जरूरतें पूरी करना भी चुनौती बनता जा रहा है। हर साल गर्मी में पेयजल संकट से लोगों को जूझना पड़ता है।
नगर वासियों को पानी के संकट से राहत दिलाने के लिए जल संस्थान ने नए प्राकृतिक जलस्रोत की तलाश शुरू कर दी है। जल संस्थान के अवर अभियंता राजवीर थलवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार और विभागीय कर्मचारियों की टीम ने पट्टी गाजणा क्षेत्र के हुल्डियाण, भैंत और न्यूगांव पहुंचकर प्राकृतिक जलस्रोतों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पानी की उपलब्धता, स्रोत की क्षमता और लंबगांव तक आपूर्ति की संभावनाओं का आकलन किया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार लंबगांव नगर क्षेत्र के लिए उपयुक्त प्राकृतिक जलस्रोत हुल्डियाण क्षेत्र में चिह्नित कर लिया गया है। अब इस स्रोत को लंबगांव पेयजल लाइन से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए जल्द कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई शुरू करने की बात कही जा रही है। जल संस्थान के अवर अभियंता थलवाल ने बताया कि वर्तमान में लंबगांव नगर क्षेत्र को दो व्यवस्थाओं के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
पटूड़ी पेयजल पंपिंग योजना से आपूर्ति हो रही है जबकि दूसरी ओर स्रोत की लाइन से पानी पहुंचाया जाता है। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की उपलब्धता घटने लगी है जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि जिस स्रोत से पिछले करीब दो दशकों से लंबगांव नगर क्षेत्र को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है वह ग्रामीणों का निजी स्रोत है।
ग्रामीण इसी पानी का उपयोग धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों में करते हैं। नगरवासियों और जलस्रोत स्वामियों के बीच पूर्व में हुए अनुबंध के अनुसार रोपाई के समय ग्रामीण नगर क्षेत्र को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पाते हैं जिससे हर वर्ष गर्मी के मौसम में लंबगांव में पेयजल संकट गहरा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *