गंगा दशहरा की पूर्व संध्या पर जाम से हाँफा हरिद्वार

Spread the love

हरिद्वार। चारधाम यात्रा, वीकेंड और सोमवार को होने वाले गंगा दशहरा स्नान के चलते रविवार को हरिद्वार-देहरादून हाईवे समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। सुबह से देर शाम तक हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। दिल्ली और देहरादून की ओर से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों का दबाव इतना अधिक रहा कि पुलिस की तमाम व्यवस्थाएं कम पड़ गईं। वहीं, देर शाम गंगा आरती में भीड़ नजर आई। सबसे अधिक जाम चंडीघाट से भूपतवाला और प्रेमनगर पुल से शंकराचार्य चौक तक देखने को मिला। रोड़ीबेलवाला, भीमगोड़ा, हरकी पैड़ी और हाईवे से जुड़े संपर्क मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। यातायात दबाव बढ़ने पर पुलिस ने भीमगोड़ा क्षेत्र में वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू किया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद भी छोटे और निजी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती रही। हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
उधर, गंगा दशहरा स्नान और निर्जला एकादशी मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर रखा है। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्नान मेले के लिए एसपी सिटी अभय सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। मेले की सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 27 सेक्टरों में बांटा गया है। मेले की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौबीस घंटे नजर रखी जाएगी। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति शालीन लेकिन सख्त व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे वाहनों को खड़ा न होने देने और सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजने के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *