रुद्रपुर। भाजपा नेता को वन कर्मियों द्वारा पूछताछ के लिए बुलाने के दौरान कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ गया है। रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं, जनजाति के ग्रामीणों और महिलाओं ने कोतवाली का घेराव कर खटीमा रेंज के रेंजर व चकरपुर वन क्षेत्र के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर पर रेंजर और दो वनकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि चकरपुर निवासी भाजपा नेता विपिन राणा को शुक्रवार को लकड़ी चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए वन चौकी बुलाया गया था। उनका आरोप है कि वहां उनके साथ मारपीट की गई। बाद उन्हें बूड़ाबाग कुटरा होते हुए दोपहिया वाहन से खटीमा रेंज लाया गया, जहां रेंजर और दो वनकर्मियों ने फिर मारपीट की। इस दौरान उनका वीडियो भी बनाया गया और अन्य लोगों के नाम बताने का दबाव डाला गया। हालत बिगड़ने पर शनिवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाली घेराव के दौरान भाजपा नेता नवीन भट्ट और विक्रम भट्ट ने कोतवाल विजेंद्र शाह से बिना कार्रवाई के मामले को टालने पर नाराजगी जताई। किसान मोर्चा, जनजाति मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की। जनजाति मोर्चा के नेताओं ने वन विभाग की चौकियों पर शोषण, सूखी लकड़ी ले जाने पर पैसे मांगने और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर खटीमा रेंज के रेंजर हरेंद्र सिंह बिष्ट और वनकर्मी गंगाराम और सुंदर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।