आठ दिन से लापता युवक का कल्याणी नदी में मिला शव

Spread the love

रुद्रपुर। शहर के शॉपर स्ट्रीट के पीछे धोबी घाट के पास कल्याणी नदी में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना पर पहुंची ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक यूपी का निवासी था और 18 अप्रैल से लापता था। रविवार सुबह कुछ लोगों ने धोबी घाट के पास कल्याणी नदी में एक युवक का शव देखा। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला और शिनाख्त के प्रयास किए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी मोहन पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक की पहचान 38 वर्षीय सोनू कश्यप पुत्र रेवी राम कश्यप निवासी ग्राम साहपुर, बिसौली जिला बदायूं (यूपी) के रूप में हुई है। ट्रांजिट कैंप थाने में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर मृतक की पत्नी पिंकी कश्यप ने मृतक की शिनाख्त की। बताया कि उनका पति 18 अप्रैल से लापता था और शराब का आदी होने के साथ उसे दौरे भी पड़ते थे। एसओ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *