सेवानिवृत रेल अधिकारी व महिला से 27 लाख की ठगी

Spread the love

काशीपुर। प्लॉट बेचने के नाम पर एक सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी और मुरादाबाद की एक महिला से करीब 27 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कॉलोनाइजर्स के तीन प्रॉपराइटरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पहले मामले में मुरादाबाद निवासी ज्योति भास्कर ने थाना कुंडा में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने यूके कॉलोनाइजर्स के प्रॉपराइटर एहसान अली, शाकिर अली, निजामुद्दीन और बिचौलिए विनय के माध्यम से ग्राम शाहगंज, जसपुर में 15 लाख रुपये में एक कॉर्नर प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि पूरी रकम अदा करने और दाखिल-खारिज होने के बाद जब उन्होंने जमीन की पैमाइश कराई, तो पता चला कि वह भूमि सरकारी चकरोड निकली। कॉलोनी में मंदिर, पार्क और बिजली जैसी सुविधाओं का वादा भी झूठा साबित हुआ, क्योंकि कॉलोनी स्वीकृत नहीं थी। पीड़िता का आरोप है कि 7 मार्च 2026 को मौके पर जाने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। दूसरे मामले में मुरादाबाद निवासी उत्तर रेलवे के सेवानिवृत्त मंडल कार्मिक अधिकारी रामकैलाश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में इसी ग्रुप से 12 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। आठ साल बाद भी न कब्जा मिला और न ही कोई विकास कार्य हुआ। एसएसपी के निर्देश पर हुई एसआईटी जांच में आरोपियों ने धोखाधड़ी स्वीकार करते हुए 6 अक्टूबर 2025 को पांच माह में पैसा लौटाने का समझौता किया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी रकम नहीं लौटाई गई। प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर ने बताया कि अहसान अली, शाकिर अली और निजामुद्दीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *