विकासनगर। बारिश के बीच जौनसार-बावर की लाइफलाइन कहे जाने वाला चकराता-कालसी मोटर मार्ग जजरेड़ के पास मलबा आने से बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से मलबा हटाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कर यातायात सुचारु कराया गया। चकराता-कालसी मोटर मार्ग का जजरेड़ भू-स्खलन जोन स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इसका उचित ट्रीटमेंट नहीं होने से पहाड़ी हल्की बारिश में भी दरकने लगती है, जिससे पूरे जौनसार बावर परगने का जिला मुख्यालय से संपर्क कट जाता है। मंगलवार दोपहर भी यही हुआ। बारिश के दौरान जजरेड़ पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आ गए, जिससे यातायात ठप हो गया। कई वाहन घंटों तक बारिश के बीच फंसे रहे। स्थानीय वाहन चालक दिनेश, रवि, शूरवीर नेगी, प्रकाश, विरेंद्र सिह, मोहित आनंद ने कहा कि वह सवारियों के साथ एक घंटे तक सड़क पर फंसे रहे। यात्री मोहन सिंह, सुरेंद्र राणा, महेंद्र शर्मा, लायक राम, इंद्र राणा आदि ने कहा कि यही मार्ग क्षेत्र को जिला मुख्यालय समेत अन्य इलाकों से जोड़ता है। बरसात के मौसम में इस मार्ग से सफर करना खतरनाक बना रहता है। इसका ट्रीटमेंट अब तक नहीं कराया गया है। उधर, लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रचना थपलियाल ने बताया कि जजरेड़ में मलबा आने की सूचना पर लोनिवि की टीम मौके पर पहुंची थी। बारिश के बीच जेसीबी से सड़क को साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया।