हल्द्वानी। कमलुआगांजा स्थित रिवर वैली कॉलोनी, गेट नंबर चार और दो की सड़क दो साल बाद भी नहीं बनाई गई है। सड़क के गड्ढों के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं। धूल का गुबार उठने से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले के लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी इस मामले की शिकायत की। लेकिन सड़क को अभी तक दुरस्त नहीं किया गया है। रिवर वैली आवास कल्याण समति के अध्यक्ष नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि, हल्द्वानी नगर पेयजलापूर्ति योजना के तहत, फरवरी, 2024 में पाइपलाइन बिछाने के लिए काॅलोनी की सड़कों की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन डालने के लिए भारी-भरकम मशीनों के इस्तेमाल से पूरी सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। काॅलोनी के लोग तब से लगातार शहरी विकास विभाग की स्थानीय इकाई से सड़क को ठीक करने की मांग कर रहे हैं। आवास कल्याण समिति के सचिव की ओर से मुख्यमं़त्री पोर्टल पर भी सड़क नहीं बनाए जाने की शिकायत की गई। उक्त शिकायत के बाद एक कनिष्ठ अभियंता मौके पर आया और मई पहले हफ्ते में सड़कों का डामरीकरण कर देने का आश्वासन दिया गया। लेकिन जून आ जाने के बाद भी सड़क ज्यों की त्यों है। बिष्ट ने बताया कि, सड़क पर जगह जगह गहरे गडढे हो गए हैं, जिस कारण कई दोपहिया चालक चोटिल हो चुके हैं। कच्ची सड़क से उठने वाली धूल से मोहल्लेवासी परेशान हैं। उन्होंने शहरी विकास विभाग से मानसून से पहले सड़क का डामरीकरण करने की मांग की है, अन्यथा धरना, प्रदर्शन की चेतावनी दी है।