हापुड़, हापुड़ में पानी की सीलबंद बोतल में तेजाब जैसा पेय पदार्थ पीने से रिया के पेट और आंतों में छाले हो गए हैं। हालांकि उसकी हालत में अब सुधार है। रिया मेरठ के गढ़ रोड स्थित आनंद अस्पताल में भर्ती है।
रिया ने बताया कि पानी समझकर जैसे ही उन्होंने दो घूंट पिए, तुरंत एहसास हुआ कि बोतल में पानी नहीं, बल्कि तेजाब जैसा कोई पदार्थ है। इसके बाद उनके मुंह से झाग आने लगे और तबीयत तेजी से बिगड़ गई। रिया अब पहले से बेहतर महसूस कर रही हैं, हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि पूरी तरह स्वस्थ होने में डेढ़ से दो माह लग सकते हैं।
हापुड़ के अर्जुन नगर निवासी रिया 10 जुलाई को अपनी मां अंजना राघव के साथ एक सराफा दुकान पर जेवर खरीदने गई थीं। प्यास लगने पर सराफ ने पास के जनरल स्टोर से ठंडी सीलबंद पानी की बोतल मंगवाई। बोतल से दो घूंट पीते ही रिया की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। पहले स्थानीय निजी अस्पताल और बाद में उन्हें मेरठ के आनंद अस्पताल रेफर किया गया जहां उनका उपचार जारी है।
ये बताया डॉक्टर ने
रिया का उपचार कर रहे डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि रिया ने जो पेय पदार्थ पिया, वह पानी नहीं बल्कि तेजाब जैसा था। इसकी वजह से उनके पेट और आंतों में छाले हो गए हैं। फिलहाल उनकी हालत पहले से बेहतर है और जल्द अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है।