रोडवेज बस का एसी खराब, यात्रियों की फजीहत

Spread the love

हल्द्वानी। उत्तराखंड रोडवेज की अनुबंधित बस सेवाओं की बदहाली लगातार यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है। बुधवार सुबह हल्द्वानी से दिल्ली जा रही काठगोदाम डिपो की एसी बस का एयर कंडीशनर रुद्रपुर पहुंचने से पहले जवाब दे गया। भीषण गर्मी और उमस के बीच यात्रियों का धैर्य भी टूट गया। बस में बैठे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और बस को आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे रवाना हुई बस में सफर कर रहे यात्रियों ने आरोप लगाया कि रोडवेज हर बार किराया तो एसी सेवा का वसूलता है, लेकिन सुविधाएं भगवान भरोसे चल रही हैं। बढ़ते विरोध के बाद रोडवेज प्रशासन हरकत में आया और रुद्रपुर डिपो से दूसरी एसी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को दिल्ली रवाना किया गया। काठगोदाम रोडवेज स्टेशन प्रभारी रघुवीर चौहान ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए तत्काल दूसरी बस भेजी गई। हालांकि यह पहला मामला नहीं है। बता दें कि मंगलवार रात दिल्ली से हल्द्वानी आ रही वाल्वो बस भी तकनीकी खराबी के कारण देवलचौड़ चौराहे पर बंद हो गई थी, जिसे क्रेन से वर्कशॉप पहुंचाना पड़ा। वहीं हल्द्वानी-जयपुर स्लीपर सेवा भी आए दिन खराबियों के चलते बाधित रहती है। लगातार बिगड़ती बस सेवाओं ने रोडवेज की निगरानी व्यवस्था और अनुबंधित संचालन प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *