हल्द्वानी। गौलापार में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी और चुपके से शव को घाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक अंत्येष्टि हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।जानकारी के मुताबिक गौलापार निवासी 40 युवक वर्षीय युवक पिछले कई दिनों से परेशान चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसका घर में भी विवाद हो रहा था। रात उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर फांसी लगा दी। घटना के बाद परिजनों ने युवक को फंदे से उतारा और रात को शव घर में ही रखा। सुबह करीब छह बजे अर्थी लेकर घाट पहुंचे और अंत्येष्टि कर दी। घटना की सूचना न तो परिवार ने डायल 112 पर दी न नजदीकी चौकी या कोतवाली में बताया। जनप्रतिनिधियों की ओर से भी पुलिस को सूचना नहीं मिली। ऐसे में घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एसएचओ काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया था। पूछताछ की तो पता लगा कि परिजनों ने बिना पुलिस को बताए युवक की अंत्येष्टि कर दी। प्रथमदृष्टया युवक के फांसी लगाए जाने की जानकारी मिली है। परिजनों की ओर से तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।