श्रीनगर गढ़वाल : रोडवेज डिपो इन दिनों चालक और परिचालकों की कमी से जूझ रहा है। निर्धारित पदों के मुकाबले कर्मचारियों की संख्या काफी कम होने से मौजूदा बसों का संचालन तो किसी तरह हो रहा है, लेकिन भविष्य में नई बसें मिलने पर डिपो के सामने बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
डिपो प्रभारी अशोक काला ने बताया कि श्रीनगर डिपो में चालक के 36 पद होने चाहिए, जबकि वर्तमान में केवल 21 चालक ही कार्यरत हैं। इसी तरह 36 परिचालकों की आवश्यकता के मुकाबले फिलहाल 19 अस्थायी परिचालक सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में सीमित स्टाफ के सहारे बसों का संचालन किया जा रहा है। पिछले दो महीनों में श्रीनगर डिपो को केवल दो नए चालक मिले हैं। बताया कि परिवहन निगम लगातार चालक और परिचालकों की मांग शासन व मुख्यालय को भेज रहा है। भर्ती की प्रक्रिया भी चल रही है, लेकिन उत्तराखंड के युवा परिवहन निगम में चालक की नौकरी के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इस कारण रिक्त पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। (एजेंसी)