कोटद्वार-पौड़ी

रोड़वेज ने दिल्ली मार्ग पर बढ़ाई चार बसें

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। दीपावली त्योहार को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम के सबसे महत्वपूर्ण कोटद्वार डिपो ने दिल्ली मार्ग पर चार नई बसें बढ़ाई हैं। जिससे दिल्ली मार्ग पर संचालित होने वाली बसों की संख्या 15 पहुंच गई है। इसके अलावा हल्द्वानी मार्ग पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रविवार से एक अतिरिक्त बस सेवा चलाई जाएगी।
अंतरराज्यीय परिवहन सेवाएं शुरू होने के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो से दिल्ली मार्ग पर दस बसें संचालित की जा रही थी। दिल्ली मार्ग पर बस सेवाएं शुरू होने के बाद डिपो की आय में भी इजाफा होने लगा है। दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए अब डिपो प्रशासन ने इस मार्ग पर चार अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू कर दी हैं। शनिवार को डिपो से 15 बसें सवारी लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई। वहीं हल्द्वानी मार्ग पर कोटद्वार डिपो की दो बसें संचालित हो रही हैं। सहायक महाप्रबंधक टीकाराम आदित्य ने बताया कि अभी तक डिपो से हल्द्वानी के लिए सुबह साढ़े पांच बजे बस रवाना होती थी। यह बस रामनगर से होते हुए हल्द्वानी जाती थी, लेकिन रविवार से डिपो प्रशासन ने हल्द्वानी मार्ग पर एक और बस शुरू करने का निर्णय लिया है। यह बस सुबह साढ़े आठ बजे स्टेशन से हल्द्वानी के लिए रवाना होगी। यह बस रुद्रपुर होते हुए हल्द्वानी जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिस कारण बसों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!