काशीपुर। सड़क हादसे में घायल युवती के बाद काशीपुर के युवक ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बीते दिन रामनगर में हुए सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। शुक्रवार को वैशाली कॉलोनी काशीपुर निवासी सुमित जोशी (22) पुत्र कैलाश जोशी रामनगर निवासी अपनी मित्र ऋतिका (21) पुत्री मनोज कुमार के साथ गर्जिया मंदिर से रामनगर लौट रहा था। इसी दौरान रिंगोड़ा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने ऋतिका को मृत घोषित कर दिया था। जबकि युवक सुमित जोशी की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। सुमित को हायर सेंटर ले जाया जा रहा था कि उसकी रास्ते में मौत हो गई। सूचना पर परिजन में कोहराम मच गया। परिजन सुमित को काशीपुर ले आए। परिजनों के मुताबिक, सुमित दो भाइयों में छोटा था। 24 वर्षीय बड़ा भाई नितिन व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। बताया कैलाश जोशी यहां सूत मिल कॉलोनी में काम करते थे। लेकिन, मिल बंद होने के बाद वह अपना काम करने लगे। वह मूल रूप से अल्मोड़ा के जागेश्वर के पास के रहने वाले हैं और लगभग 15-20 वर्षों से वहां यहां वैशाली कॉलोनी में अपना मकान बनाकर रहे हैं। साथ ही बताया सुमित इस वक्त ऑनलाइन वेस्टर्न म्यूजिक की तैयारी कर रहा था।