जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में ‘समृद्ध राष्ट्र के लिए संस्कारयुक्त, नशामुक्त युवा’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर नशामुक्त समाज और राष्ट्र निर्माण को लेकर अपने विचार रखे। हेरिटेज पब्लिक स्कूल के रूद्रप्रताप सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य चंदन सिंह नकोटी, डॉ. रमाकांत कुकरेती और वंदना भारद्वाज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में हेरिटेज पब्लिक स्कूल के रूद्रप्रताप सिंह प्रथम, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की नमरा द्वितीय और हेरिटेज पब्लिक स्कूल की अर्चना तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं हैप्पी होम पब्लिक स्कूल के सार्थक और मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की जिया बहुखंडी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच को राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया। आयोजकों ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ, संस्कारवान और समृद्ध समाज की नींव मजबूत की जा सकती है।