जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में सरस और अपर्णा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम संयोजक आचार्य रोहित बलोदी ने बताया कि प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के लिए 120 अंकों तथा सीनियर वर्ग के लिए 160 अंकों की बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। जूनियर वर्ग में कक्षा आठ के सरस थपलियाल ने प्रथम, आयुषी बडोला ने द्वितीय तथा रुद्रांश जदली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में कक्षा 10 ‘अ’ की अपर्णा प्रथम, कक्षा 10 ‘ब’ की दिव्यांशी द्वितीय तथा कक्षा 12 की कुमकुम एवं कक्षा 9 की डिंपल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने विजेता प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके उपरांत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) गढ़वाल मंडल की ओर से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत सहित अन्य शिक्षक एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।