चमोली : महिला बेस अस्पताल सिमली की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग के लिए ग्राम प्रधान संगठन चमोली के जिलाध्यक्ष उमेश खंडूड़ी ने सिमली बाजार में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन शुरू कर दिया। उमेश खंडूड़ी का कहना है कि करोड़ों की लागत से बने अस्पताल में उपचार भी नहीं मिल पा रहा है। सरकार को इस पर ध्यान देकर इसका नियमित संचालन करना चाहिए जिससे पूरे जिले को इसका लाभ मिल सके। शुक्रवार सुबह 10 बजे सिमली बाजार में जिलाध्यक्ष उमेश खंडूड़ी ने सत्याग्रह आंदोलन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि विगत एक दशक पूर्व तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. एपी मैखुरी ने लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के दृष्टिकोण से जनपद चमोली के केंद्र बिंदु सिमली में महिला बेस अस्पताल की स्वीकृति प्रदान की थी। यहां करोड़ों की लागत से अस्पताल और विभागीय कर्मियों के लिए आवासीय भवनों का निर्माण भी हो चुका है लेकिन वर्तमान में सिमली बेस अस्पताल की दयनीय स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि जब तक बेस अस्पताल सिमली में स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, फिजीशियन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ सहित एक्सरे, अल्ट्रासाउंड मशीन के तकनीशियन, पैथोलॉजी लैब, ऑपरेशन थिएटर आदि की व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया जाता तब तक अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन जारी रहेगा। उनके समर्थन में ग्राम प्रधान धीरेंद्र भंडारी, चंद्र शेखर मैठाणी, टीका प्रसाद डिमरी, अनुसूया प्रसाद नैनवाल आदि ने धरना दिया। (एजेंसी)