चमोली : श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर बदरीनाथ हाईवे पर पैनी के समीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि वाहन में सवार 17 लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ लाया गया जहां से चार गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ जा रहा टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे पैनी के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ पहुंचाया गया। कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि वाहन में चालक समेत कुल 18 लोग सवार थे। हादसे में आरती देवी (44) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 17 यात्रियों का उपचार किया जा रहा है। सभी यात्री गाजियाबाद के निवासी हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. गौतम ने बताया कि घायलों में अर्शी (14), पूनम (45), जसमीत (44) और निधि (44) की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। (एजेंसी)