जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पदमपुर मोटाढांक के मेधावी छात्र सौरभ भारद्वाज ने इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में 8वां और जिले में दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सौरभ ने 95.8 प्रतिशत अंक हासिल किए, जो उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का प्रमाण है।
खास बात यह रही कि सौरभ ने बिना किसी ट्यूशन के स्व-अध्ययन के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने प्रतिदिन लगभग 5 से 6 घंटे नियमित पढ़ाई कर अपनी मजबूत तैयारी सुनिश्चित की। इससे पहले भी वें हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में 17वां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। सौरभ का लक्ष्य भविष्य में इंजीनियर बनकर देश की प्रगति में योगदान देना है। वे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हैं। उनके पिता मुकेश चंद्र पत्रकार हैं, जबकि माता सरोजनी देवी गृहिणी हैं। परिवार का सहयोग और प्रोत्साहन सौरभ की सफलता की मजबूत नींव रहा है। उनके बड़े भाई गौरव भारद्वाज भी देहरादून से बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं, जिससे उन्हें निरंतर प्रेरणा मिलती रही। विषयवार अंकों की बात करें तो सौरभ ने गणित में 100 में से 99, अंग्रेजी में 97 और हिंदी में 95 अंक प्राप्त किए। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।