जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के अध्ययन केंद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में एक भव्य इंडक्शन प्रोग्राम (दीक्षा समारोह) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, नियमों और शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य ने की, जबकि संचालन अध्ययन केंद्र के सहायक समन्वयक डॉ. कपिल थपलियाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. राखी डिमरी ने छात्रों को विश्वविद्यालय के नियमों, अकादमिक कैलेंडर, ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली एवं काउंसलिंग सत्रों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रो. डिमरी ने अपने संबोधन में कहा कि मुक्त शिक्षा प्रणाली में सफल होने के लिए स्वयं-अध्ययन के साथ तकनीकी ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। इंडक्शन प्रोग्राम का उद्देश्य छात्रों को इन सभी पहलुओं के प्रति जागरूक करना है। इंडक्शन कार्यक्रम के उपरांत परिसर में पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को उनके पाठ्यक्रम से संबंधित आवश्यक पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे वे समय पर अपनी पढ़ाई प्रारंभ कर सकें। छात्रों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ने नवप्रवेशित छात्रों को बधाई देते हुए निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया तथा आश्वासन दिया कि अध्ययन केंद्र छात्रों की हर शैक्षणिक समस्या के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहेगा। इस अवसर पर डॉ. संदीप किमोठी एवं डॉ. अनुपम कोठारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में उमेश खुगशाल, संदीप चौहान, कुलदीप रावत एवं कमलेश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन छात्रों के प्रश्नों के उत्तर एवं उनके संशयों के समाधान के साथ हुआ।