कोटद्वार-पौड़ी

स्व. वाजपेयी व स्व. गढ़वाली के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी व वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की जयंती पर आयोजित हुए कार्यक्रम
-समाज के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 97वीं जयंती एवं पेशावर कांड के महानायक वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की 131वीं जयंती को नगर में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर स्व. वाजपेयी व स्व. गढ़वाली को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट गढ़वाली ने इस मौके पर समाज के उत्थान को उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 समाजसेवियों, पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
शनिवार को वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्थान सेवा समिति की ओर से लालपुर चौराहे पर गढ़वाली टंकी के निकट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर समिति के सदस्यों ने दोनों महानायकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। शैलेन्द्र सिंह बिष्ट गढ़वाली ने कहा कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली ने अंग्रेजी हुकूमत द्वारा निहत्थे पठानों पर गोली चलाने के आदेश को मानने से साफ इन्कार कर दिया था। जिससे अंग्रेजी हुकूमत हिल गई थी। अंग्रेजों ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को जेल में डालकर खूब यातनाएं दी, लेकिन देश की आजादी के लिए उनके जज्बे में कमी नहीं आई। कहा कि आजादी मिलने के बाद तथा जेल से रिहा होने के बाद भी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली विकास के प्रति समर्पित थे। उन्होंने उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास का खाका भी खींचा था, जिसको पूरा करने के लिए भाजपा सरकार ने उनके नाम से विभिन्न योजनाओं को संचालित करवाया। इस मौके पर ओम प्रकाश जदली, नंदकिशोर ढोंडियाल, श्याम प्रकाश कोटनाला, पार्षद पंकज भाटिया, पार्षद कमल नेगी, मनीष भट्ट, गायत्री भट्ट, भाबर मंडल अध्यक्ष मनोज पांथरी, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील गोयल, गजेंद्र धस्माना, व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेंद्र बिष्ट, मोहन सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

बाक्स
स्व. वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई
भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल कोटद्वार की ओर से भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर मंडल की ओर से नगर मंडल कार्यालय में गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। गोष्ठी में पंडित राजेन्द्र अंथवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ऋषि कंडवाल, नगर अध्यक्ष सुनील गोयल, नामित पार्षद पंकज भाटिया, मानेश्वरी बिष्ट, अरुण भट्ट, कुलदीप अग्रवाल, संगीता सुंदरियाल, बृजपाल राजपूत, राजीव प्रजापति, कर्मचन्द गांधी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!