सेवा संकल्प कार्यक्रमों में राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप

Spread the love

जयन्त प्रतिािधि।
कोटद्वार : महानगर कांग्रेस ने विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के नाम पर राजनीतिक हस्तक्षेप किए जाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। कांग्रेस का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पार्टी ने विद्यालयों में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।


महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए और उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। मीना बछुवाण ने आरोप लगाया कि भाजपा सेवा संकल्प के नाम पर विद्यालयों में कार्यक्रम करवा रही है और इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पहले से ही कई चुनौतियों से जूझ रही है। कई विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं, जबकि कुछ विद्यालयों की इमारतों की स्थिति भी ठीक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कई विद्यालय बंद भी हो चुके हैं। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, शिक्षकों की कमी दूर करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालयों को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से विद्यालयों में राजनीतिक हस्तक्षेप पर रोक लगाने और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न होने देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में प्रवीन रावत, संजय मित्तल, धीरेंद्र बिष्ट, सुदर्शन रावत, अमित राज, सुरेंद्र सिंह, प्रदीप नेगी, अंकुश घिल्डियाल और शुभम सुयाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *