जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वरिष्ठ नागरिक संगठन के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार के सभागार में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 10 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एवीएन पब्लिक स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पीएल खंतवाल और जयबीर सिंह रावत ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन सुनील नवानी ने अपने पुत्र की स्मृति में कराया। प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी सामान्य ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल और द्वितीय स्थान पर रहे एवीएन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रिपुदमन बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, विनोद नेगी, जयभारत सिंह, आरपी पंत, महेंद्र कुमार अग्रवाल, शंकर दत्त गौड़, हिम्मत सिंह रौतेला और सतीश चंद्र गौड़ सहित संगठन के पदाधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।