जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा पुलिस चेकपोस्ट में पुलिस ने शराब के नशे में यात्री वाहन चला रहे चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन को भी सीज कर दिया। वाहन में आठ सवारियां बैठी थी, जिन्हें पुलिस ने दूसरे वाहनों से सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

रात दुगड्डा चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक यात्री वाहन को रोककर चालक की एल्कोमीटर से जांच की गई। परीक्षण में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने चालक संदीप सिंह निवासी रामणी, पट्टी अजमेर, तहसील कोटद्वार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही यात्री वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। जांच के दौरान पता चला कि वाहन में पौखाल से रामणी और पुलिंडा की ओर जाने वाली आठ सवारियां मौजूद थीं। चालक के नशे में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अन्य वाहनों के माध्यम से सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। दुगड्डा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक केडी शर्मा ने बताया कि चालक शराब के नशे में यात्री वाहन चलाकर उसमें सवार आठ लोगों की जान जोखिम में डाल रहा था। पुलिस की चेकिंग के दौरान मामला पकड़ में आने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई।