विभाग बोला केंद्र सरकार की योजना के तहत लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटर
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटन नगरी लैंसडौन में विद्युत विभाग द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर व्यापार मंडल और विभाग के बीच मतभेद सामने आए हैं। व्यापार मंडल ने व्यापारियों की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यापारी पर जोर जबरदस्ती नहीं की जानी चाहिए।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष रोशन शाह और व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि यदि किसी व्यापारी की स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर सहमति नहीं है तो विभाग को उसकी आपत्ति को सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों पर दबाव बनाकर मीटर लगाए जाने का प्रयास किया गया तो व्यापार मंडल इसके विरोध में बाजार बंद रखने का निर्णय ले सकता है। वहीं, विद्युत विभाग के एसडीओ ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने की योजना केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि जहां-जहां नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध होगी, वहां योजना के तहत स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। विभाग द्वारा स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। एसडीओ ने कहा कि योजना के तहत उपभोक्ताओं के विद्युत उपयोग और बिलिंग व्यवस्था को स्मार्ट मीटर के माध्यम से संचालित किया जाएगा। वहीं व्यापार मंडल ने विभाग से व्यापारियों की आशंकाओं को दूर करने तथा पूरे मामले में आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की है।