जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार हो रही बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों की नदियां उफान पर हैं। मंगलवार सुबह मालन नदी के तेज बहाव के बीच कई गोवंश फंस गए। सूचना मिलने पर संकल्प फाउंडेशन और स्थानीय समाजसेवियों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मंगलवार सुबह से क्षेत्र में लगातार वर्षा होने के कारण मालन नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ गया। इसी दौरान मालन पुल से गुजर रहे लोगों की नजर नदी के बीच फंसे गोवंश पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना संकल्प फाउंडेशन को दी। सूचना मिलते ही फाउंडेशन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी गोवंश को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारी इंद्रजीत सिंह रावत ने बताया कि नदी का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ था। इसके बावजूद टीम के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों के सामूहिक प्रयास से अभियान सफलता पूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने आपदा के दौरान लोगों से नदियों और बरसाती नालों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या संबंधित संस्थाओं को सूचना देने की अपील की।