संत शिरोमणि गुरु रविदास के प्रकाश पर्व पर होंगे कार्यक्रम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के प्रकाश पर्व पर कोटद्वार में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए कार्यकर्ता व पदाधिकारियों की विशेष टीमें गठित की गई है।
मंगलवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राजगौरव नौटियाल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास केवल एक समाज के नहीं, बल्कि समस्त मानवता के गुरु हैं। उनका जीवन समभाव, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। बताया कि भारतीय जनता पार्टी संत गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर “संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान” चला रही है। यह सात माह का अभियान 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 को संत रविदास जयंती तक चलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए कोटद्वार में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई है। अभियान का शुभारंभ बुधवार को कौड़िया में स्वच्छता अभियान के साथ होगा। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान के तहत संत गुरु रविदास की जन्म स्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी को पौड़ी जिले के सभी रविदास मंदिरों में कलश के माध्यम से स्थापित किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को गुरु रविदास के जीवन और उनके संदेश से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *