अल्मोड़ा। भतरौजखान थाने में तैनात कांस्टेबल संजीव कुमार का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से अल्मोड़ा पुलिस परिवार में शोक की लहर है। संजीव कुमार मूल रूप से हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम शेरपुर खेलमऊ के निवासी थे। बताया गया कि ड्यूटी से वापस लौटने के दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गए। वर्ष 2002 में पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर भर्ती हुए संजीव कुमार ने लंबे समय तक विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने विभाग में हमेशा मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह, सीओ बलवंत सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी, प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी, थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस बल ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह क्षेत्र रवाना किया।