बागेश्वर। जिले में वर्षा के कारण बिजली व्यवस्था लगातार चरमराती नजर आ रही है। रविवार रात से सोमवार सुबह तक कई क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी गई। कांडा रोड स्थित नर्सरी के पास देर रात बिजली के तार जलने लगे, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। उस समय बारातियों की कई गाड़ियां भी मौके पर रुकी रहीं। देर रात होने के कारण ऊर्जा निगम के फोन रिसीव नहीं हो सके, जिसके बाद 112 पर सूचना देकर फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जले हुए तारों को सड़क से हटाया तथा आवागमन सुचारू कराया। वहीं, चौरासी क्षेत्र में रात तीन बजे से बिजली गुल रही। स्थानीय लोगों ने शिकायत दर्ज कराई, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह भागीरथी क्षेत्र में भी रात से विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। बालीघाट-दारसौं क्षेत्र में भी तीन मई से अब तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र जिला मुख्यालय से मात्र पांच किमी की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद बिजली बाधित रहनती है। क्षेत्रवासियों ने विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने तथा भविष्य में ऐसी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है। इधर ऊर्जा निगम के एसडीओ आनंद खोलिया ने बताया कि तूफान के कारण लाइनों में दिक्कत आई है। उसे दूर किया जा रहा है।