छात्रों ने उठाई रिक्त पदों पर भर्ती की मांग

Spread the love

अभाविप ने भेजा उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत को पत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों पर भर्ती करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजा।
संगठन के सदस्यों ने प्राचार्या जानकी पंवार के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा। सदस्यों ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बाद सभी गतिविधियां सामन्य हो चुकी हैं। विद्यालय व महाविद्यालय भी खुल चुके हैं। ऐसे में कॉलेज प्रशासन को छात्र संघ चुनाव के बारे में भी विचार करना चाहिए। कहा कि छात्रों ने कुछ माह पूर्व भी कॉलेज प्रशासन को छात्र संघ चुनाव करवाने के लिए पत्र दिया था, लेकिन उसपर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। कहा कि जब प्रदेश में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं, तो छात्र संघ चुनाव भी किए जाने चाहिए। संगठन ने महाविद्यालय में रिक्त शिक्षिकों के पदों पर भर्ती शुरू करने के साथ ही विभिन्न विषयों में छात्र की सीट बढ़ाने की मांग की है। कहा कि महाविद्यालय में क्षेत्र के सभी छात्रों को प्रवेश मिल सकें, इसके लिए सीटों को बढ़ाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। इस मौके पर नगर विस्तारक जिला संयोजक अजय कुमार, मृदुल भट्ट,अनुराग कंडवाल, रवि कश्यप, शिवांशु शाह, मयंक राज, ऋषभ डबराल, तरुण इष्ठवाल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *