जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हरेला सप्ताह के उपलक्ष्य में जानकीनगर स्थित हेमनदास सरस्वती विद्या मंदिर में पौधा रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के औषधीय एवं छायादार पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवभूमि पहल समिति के सचिव उत्कर्ष नेगी, आधारशिला रक्तदान समूह के संचालक दलजीत सिंह तथा ग्रीन आर्मी के सदस्य शिवम नेगी ने तुलसी का पौधा रोपकर किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच पौधा रोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल धरती को हरियाली प्रदान करते हैं, बल्कि शुद्ध वायु, स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। नर्सरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अपने विचार और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र गौड़, प्रयाग दत्त चमोली, अंचल कुमार अग्रवाल, योगेश नेगी, मनोज जोशी, गीता रावत, सुनीता पंत, कीर्ति द्विवेदी, अंजू चमोला, दीक्षा, पूजा चतुर्वेदी, हेमा पांडे सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।