जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्वतंत्रता दिवस से पूर्व पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत के विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान पूरा गांव देशक्ति के नारों से गूंज उठा।

विद्यालय के यूथ एवं ईको क्लब, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स व राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर में 9 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत तिरंगा रैली, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पौध रोपण, सेल्फी विद तिरंगा तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का पर्व है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी में देशप्रेम और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है। शिक्षक प्रमोद कुमार रमोला, तपेंद्र बिष्ट, सतीश चंद्र शाह, नीरज कुमार, प्रकाश कैंथोला, दिनेश सिंह बिष्ट व विजेता गडोई ने विद्यार्थियों को तिरंगा के महत्व के बारे में बताया।