कोटद्वार-पौड़ी

स्वच्छता पर पलीता: सड़क पर बिखरा कूड़ा बना राहगीरों के लिए मुसीबत

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र जगह-जगह सड़क किनारे दूर तक फैला कूड़ा लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इस मार्ग पर हर समय कूड़ा बिखरा रहता है। इस कूड़े में खराब सब्जियां, फल, प्लास्टिक होता हैं, जिसे स्थानीय लोग ही फेंक देते हैं। हालांकि सुबह साढ़े दस बजे के बाद नगर निगम के कर्मचारी यहां सफाई तो करते है, लेकिन शाम होते-होते यहां पर फिर से कूडे़ का अंबार लग जाता है, जिससे आवारा पशु खाने के लालच में इस पर मंडराते रहते हैं और वे कूड़े को काफी दूर तक बिखेर देते हैं।


काशीरामपुर तल्ला मार्ग लकड़ीपड़ाव व काशीरामपुर को बाजार से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। इस कारण इस मार्ग पर दिन ही नहीं रात में भी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। कूड़े के सड़क पर ही जमा रहने से आसपास के लोगों को काफी परेशानी होती है। क्योंकि लोग बाजार आने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते है। ऐसे में उनको मजबूरन सड़क किनारे फैले बदबूदार कूड़े से होकर गुजरना पड़ता है। इस कूड़े में सड़ी गली सब्जियां और फल भी होते हैं, जिसे खाने के लिए यहां आवारा पशुओं ने स्थाई रूप से अपना घर बना लिया है। ये पशु कई बार सड़क पर भी आ जाते हैं, इससे हमेशा ही सड़क पर हादसा के होने की संभावना बनी रहती है। इसके अलावा मालगोदाम रोड, गाड़ीघाट तिराहा, देवी मंदिर, तड़ियाल चौक सहित कई स्थानों पर सड़क किनारे कूड़ा फैला रहता है। सड़क किनारे फैला कूड़ा लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। नगर निगम समय पर कूड़ा नहीं उठवा पा रहा है, जिस कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि काशीरामपुर तल्ला मार्ग पर कूड़ादान न होने से सड़क किनारे ही लोग अपने घरों व दुकानों का कूड़ा फेंक देते है। स्थिति यह है कि आवारा पशु इस कूड़े को सड़क पर इधर-उधर बिखेर रहे है। इसके कारण राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं फैले कूड़े और गंदगी के कारण बीमारियों के फैलने का भी अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़ा उठाने के बाद निगम की ओर से यहां किसी प्रकार का छिड़काव नहीं किया जाता है जिससे हर समय गंदगी बनी रहती है। इससे राहगीरों का चलना मुसीबत भरा होता है। हालांकि नगर निगम घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने की भी बात करता है। साथ ही नगर निगम वार्डों के मुख्य चौक-चौराहों पर कूड़ादान लगाने का दावा किया है, लेकिन इसके बाद भी कूड़ा सड़क पर पड़ा रहता है जो स्वच्छता अभियान को कहीं न कहीं पलीता लगा रहा है।

क्या कहते हैं अधिकारी
नगर निगम कोटद्वार के सफाई निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि काशीरामपुर तल्ला मार्ग पर सड़क किनारे स्थाई कूड़ाघर बनाने की योजना है। जल्द ही कूड़ाघर बनाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों से एक ही स्थान पर कूड़ा डालने को कहा गया है, लेकिन लोग सड़क पर ही कूड़ा गिरा रहे है, जिससे समस्या उत्पन्न हो रही है। इस पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोग घरों का कूड़ा सड़क पर न फेंके। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को समय पर कूड़ा उठाने के निर्देश दिये गये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!