निर्धन परिवार के विद्यार्थियों को दी शिक्षण सामग्री
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित किया गया कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत में आयोजित कार्यक्रम में मेधावी और निर्धन छात्राओं को विद्यालय प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने स्व संसाधनों से स्कूल बैग वितरित किए।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का आरंभ विद्यालय छात्र संसद प्रतिनिधि कु. अनीशा, प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी और शिक्षिका सरोज रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि बालिकाओं के अधिकारों का संरक्षण करने, उन्हें शिक्षित बनाकर भविष्य में आने वाली कठिनाइयों का सामना करने और समाज में समानता का अधिकार दिलाने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 19 दिसंबर 2011 को प्रस्ताव पारित किया था। 11 अक्टूबर 2012 को पहली बार अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। तत्पश्चात प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने स्व संसाधनों से विद्यालय में अध्ययनरत दस मेधावी और निर्धन छात्राओं को स्कूली बैग वितरित किए। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।