थार सवारों ने रात में वकील की कार में मारी टक्कर, फिर किया हमला

Spread the love

देहरादून। रविवार रात मोथरोवाला में थार सवारों ने पहले वकील की कार में टक्कर मारी। घटना के बाद गाली गलौच की। पीड़ित मौके से रवाना हुए तो आरोपियों ने बंगाली कोठी चौक पर फिर घेरकर हमला कर दिया। शिकायत पर सोमवार को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बंगाली कोठी चौक निवासी वकील श्रीकांत शर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बड़े भाई रोहित शर्मा के साथ रविवार रात करीब आठ बजे डोईवाला से दूधली मार्ग से अपनी स्विफ्ट कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एसजीआरआर मेडिकल अस्पताल मोथरोवाला से थोड़ा आगे एक काली थार गाड़ी ने उनकी गाड़ी में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। थार में तीन युवक सवार थे। श्रीकांत शर्मा ने जब गाड़ी रोककर विरोध किया तो थार सवार युवकों ने बाहर निकलकर अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। वहां आते-जाते राहगीरों ने बीच-बचाव कर उन्हें हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। जैसे ही पीड़ित अपनी गाड़ी लेकर वहां से निकले तीन आरोपी बाइक पर सवार होकर उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे। आरोप है कि उनके हाथ में चाकू और पत्थर थे। बंगाली कोठी चौक पर इन लड़कों ने फिर कार रुकवाई और पत्थरों से हमला कर दिया। जिससे गाड़ी का आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *