Uncategorized

पत्थरों के नीचे दबा मिला बुजुर्ग महिला का शव

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई टिहरी। देवप्रयाग ब्लॉक के काफुलधार गांव में पुलिस ने खेत में पत्थरों से दबाया गया बुजुर्ग महिला का शव बरामद किया। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते शव को पोस्टमार्टेम के लिए भेज दिया है। हिंडोलाखाल पुलिस को रौड़धार क्षेत्र के काफुल धार गांव में एक बुजुर्ग महिला का शव खेतों में पत्थरों से दबा होने की सूचना मिली। जिस पर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां पुलिस को बुजुर्ग महिला का सड़ा गला शव पत्थरों के ढेर के नीचे दबा मिला। महिला की पहचान 75 वर्षीय भामा देवी पत्नी स्व. कलम सिंह के रूप में हुई। महिला घर में अकेली रहती थी। उसका शव घर से करीब 25 मीटर दूर खेत मे मिला था। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के अनुसार शव के तीन से चार दिन पुराना होने से वह सड़ गल गया था। पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पूर्व बुजुर्ग महिला सामान लेने रौड़धार जाते दिखी थी। जिसके बाद वह अपने मायके गोसिल में भाई सेवानिवृत पुलिस कर्मी सोबत सिंह पंवार के यहां चली गयी थी। 14 जून को सोबत सिह का बेटा नेत्र सिंह महिला को वापस काफुलधार छोड़ गया था। गांववासियों के अनुसार उसके बाद बुजुर्ग महिला कहीं नही दिखाई दी थी। 18 जून को गांव का सुनील जब खेतों से होकर जा रहा था तो उसे पत्थरों के ढेर में मख्खियां भिनभिनाते देखीं, निकट जाने पर उसे बुजुर्ग महिला का शव पड़ा मिला। जिसके बाद युवक ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के पति की एक साल पहले मृत्यु हो गयी थी और वह घर में अपने पालतू कुत्ते के सहारे अकेली रहती थी। उसकी दो विवाहित बेटियां दिल्ली व मेरठ में रहती हैं, जिनको घटना की सूचना दी गयी है। उनकी तहरीर के आधार पर ही इस मामले मे आगे कार्रवाई की जायेगी। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्ट मार्टेम करने के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!