दिल्ली की तर्ज पर होगा प्रदेश का विकास: कोठियाल
कोटद्वार में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बोले कर्नल (रि.)अजय कोठियाल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री प्रत्याशी कर्नल (रि.)अजय कोठियाल ने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है तो दिल्ली की तर्ज पर उत्तराखंड का बेहतर विकास किया जाएगा। पार्टी जनता से किए सभी वादों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। कहा कि उत्तराखंड में बारी-बारी से सत्ता में आने वाली भाजपा व कांगे्रेस ने केवल जनता को गुमराह करने का काम किया है।
बुधवार को कोटद्वार पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता कर्नल (रि.)अजय कोठियाल के नेतृत्व में कौड़िया से मालवीय उद्यान तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। मालवीय उद्यान में जनसभा को संबोधित करते हुए अजय कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड निर्माण में दिए गए राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उत्तराखंड राज्य गठन का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों का बेहतर विकास था, लेकिन पिछले 21 वर्षों में सत्ता में आने वाली भाजपा व कांग्रेस ने केवल जनता को गुमराह करने का कार्य किया। नेताओं ने सत्ता में बैठकर केवल अपना हित किया। हालत यह है कि आज भी प्रदेश की जनता स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार की तलाश में पलायन कर रही है। कहा कि अब चुनाव नजदीक आते ही प्रदेश में दल-बदल का खेल शुरू हो जाएगा। भाजपा के नेता कांगे्रस में जाएंगे और कांग्रेस के नेता भाजपा में, लेकिन ऐसी स्थिति में जनता को सतर्क रहकर केवल उत्तराखंड का विकास चुनना होगा। कहा कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आने के बाद युवाओं को बेहतर रोजगार मुहैया करवाने का काम करेगी। प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जायेगी। कहा कि यदि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन नहीं हुआ तो भाजपा व कांग्रेस मिलकर उत्तराखंड को बर्बाद कर देंगे। इस मौके पर प्रदेश उपाध्याक्ष सीके जखमोला, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद वर्मा, जिलाध्यक्ष राजेंद्र जजेड़ी, शशि मोहन, प्रदीप कुमार, प्रमोद चौहान आदि मौजूद रहे।