सिद्धबली मंदिर के समीप दरक रही पहाड़ी से खतरा, पुराने कोटद्वार के परिवार चिंतित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सिद्धबली मंदिर के समीप पहाड़ी का हिस्सा लगातार दरकने से पुराने कोटद्वार क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है। हल्की बारिश के दौरान भी पहाड़ी से बोल्डर गिरने लगते हैं, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों पर खतरा मंडरा रहा है। वर्षाकाल में तेज बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं।


समस्या को लेकर वार्ड नंबर एक के लोगों ने पार्षद जयप्रकाश ध्यानी के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी और लैंसडौन वन प्रभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने बताया कि पहाड़ी का हिस्सा लगातार कमजोर होकर खिसक रहा है। रात में बारिश होने पर बोल्डर गिरने की आशंका के कारण लोगों की नींद उड़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह इस समस्या की शिकायत पहले भी कई बार कर चुके हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर पहाड़ी का ट्रीटमेंट कराने तथा बोल्डर गिरने से बचाव के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में अनुज कुमार, दीपक मैठाणी, धीरज सिंह, वंशी लाल, मीना देवी, शोभा गुसाईं, तारी देवी, लक्ष्मी देवी, तेजपाल सिंह और रोहित कुमार आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *