नई टिहरी()। नई टिहरी-चंबा सड़क मार्ग से लगे और पौखाल रेंज के चीड़ के जंगल जल रहे हैं। गत मंगलवार को भोनाबागी स्थित जंगल में लगी आग बुधवार सुबह तक जिला कारागार से सटे जंगल में आ पहुंची। पूर्वाह्न को आग चवालखेत के पीछे के जंगल तक आ गई। काफी मशक्कत के बाद भी वन कर्मी आग को काबू नहीं कर पाये।आग की तेज लपटों ने चवालखेत स्थित देवेंद्र सिंह चौहान के बागीचे अपनी चपेट ले लिया जिससे बागीचे में सेब के पेड़ और कीवी की बेलों बुरी तरह से झुलस गए। देवेंद्र ने बताया कि उन्होंने वन विभाग के कंट्राेल रूम और कर्मियों को आग की सूचना दी लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। आग को काबू करने की उन्होंने भी कोशिश की लेकिन नाकामयाब रहे। बताया उनकी वर्षों की मेहनत पर आग ने पानी फेर दिया। उन्होंने प्रशासन से बागीचे में हुए नुकसान का आंकलन कर मुआवजे की मांग की है।
इस बाबत रेंज अधिकारी प्रदीप चौहान ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए सुबह ही विभागीय कर्मियों के साथ फायर वाचरों को मौके पर भेजा दिया गया था। दूसरी ओर, पौखाल रेंज के स्यूरी गांव के जंगल में लगी आग तेज हवाओं के चलने से और भड़क उठी जिससे ग्रामीण दहशत में आ गए। ग्राम प्रधान जमुना राणा गांव की महिलाओं के साथ आग बुझाने जंगल पहुंच गई।
ग्राम प्रधान जमुना ने बताया कि महिलाओं के प्रयास गांव के आसपास जंगल में लगी आग को काफी हद तक काबू कर दिया गए है। कहा कि धुएं के कारण चारों ओर धूंध फैल गई है। स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने के साथ गर्मी की तपिश भी बढ़ती जा रही है। इस मौके पर सुमित्रा देवी, प्रतिमा देवी, आशा देवी, गुड्डी देवी, प्यारी देवी, हिमांशु रवि आदि मौजूद थे।
इस बाबत पौखाल रेंजर हर्षराम उनियाल ने बताया कि वन विभाग की टीम सुबह से आग बुझाने में जुटी है। ग्रामीणों के सहयोग से आग को काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।