झमाझम बारिश में पर्यटकों के खिले चेहरे

Spread the love

ऋषिकेश। बुधवार को हुई झमाझम बारिश से तीर्थनगरी का मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप से लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद गंगा तटों पर प्राकृतिक सौंदर्य का पर्यटकों ने जमकर लुत्फ उठाया। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश के बीच पर्यटक रेनकोट पहनकर गंगा तट, जानकी सेतु, रामझूला, बैराज सेतु, काली घाट और साधु समाज घाट पर घूमते नजर आए। कई पर्यटक गंगा से उठती धुंध और बारिश के दृश्यों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखाई दिए। स्वर्गाश्रम क्षेत्र में भी दिनभर पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ रही। सुहावने मौसम के चलते घाटों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रौनक बनी रही। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि मौसम में आए बदलाव से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *