जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के आश्वासन के बाद भी 15 अप्रैल को मालन नदी पर पुल मरम्मत कार्य पूर्ण नहीं होने पर युवा कांग्रेस ने रोष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने राह चलते लोगों को मिष्ठान वितरित करते हुए अपना विरोध दर्ज किया। कहा कि यदि जल्द पुल का लोकार्पण नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
बुधवार को युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय रावत के नेतृत्व कार्यकर्ता निर्माणाधीन मालन पुल के समीप पहुंचे। वहां वैकल्पिक मार्ग से गुजर रहे लोगों को उन्होंने मिष्ठान खिलाया। वक्ताओं ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण कह रही है कि पुल मरम्मत में ऐसी आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है जो भारत में पहली बार प्रयोग में लाई जा रही है। जबकि, मरम्मत स्थल पर पिछले कई माह से केवल दो हाईड्रा मशीन व जेसीबी मशीन ही दिखाई दे रही है। यही नहीं श्रमिकों के पास कोई सेफ्टी किट भी उपलब्ध नहीं है। जितनी धनराशि सरकार ने पुल मरम्मत के लिए स्वीकृत की है। उतनी राशि में एक नया पुल बनकर तैयार हो जाता। कहा कि जनता की चिंता छोड़ कछुआ चाल से पुल की मरम्मत का कार्य हो रहा है। यही नहीं कुछ दिन पूर्व कोटद्वार पहुंचे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने 15 अप्रैल को पुल का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों करवाने की बात कही थी। लेकिन, यह भी मात्र एक जुमला ही था। कहा कि यदि जल्द पुल का लोकार्पण नहीं हुआ तो यूथ कांग्रेस आंदोलन को मजबूर होगी। इस मौके पर राजीव कपूर, नीरज बहुगुणा, मानशेर सिंह सैनी, मनीष रावत, अंकुश घिल्डियाल, मनीष चातुरी आदि मौजूद रहे।