बिग ब्रेकिंग

जो देश के लिए देते हैं जिंदगी वह हैं देवतुल्य: राजनाथ सिंह

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सैन्य धाम का भूमि पूजन
-वीर शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर शौर्य सम्मान पत्र देकर किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गुनियाल गांव, देहरादून में लगभग 63 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे भव्य सैन्य धाम का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर शहीद सम्मान यात्रा का विधिवत समापन भी किया गया। इस दौरान रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री ने सैन्यधाम के लिए प्रदेश के प्रत्येक शहीद परिवार के आंगन से लाई गई पवित्र मिट्टी को कलश में डाला। साथ ही वीर शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शौर्य सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक परम्परा है कि जो देश के लिए अपनी जिंदगी न्यौछावर करते हैं, उनको देवतुल्य माना जाता है। उत्तराखंड, देवभूमि, तपोभूमि, वीरता और पराक्रम की भूमि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड में पांचवा धाम सैन्यधाम बन रहा है। सैन्यधाम में शहीद सैनिकों के आंगन की पवित्र मिट्टी लाई गई है। उत्तराखंड सरकार से जो अपेक्षा थी, उसके अनुरूप सैन्य धाम बनाने का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने इस राज्य को अलग राज्य का दर्जा दिया था। रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे शहीद, देश की आन बान शान की रक्षा में कभी पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा ऐसे लोग जिन्होंने राष्ट्रीय की एकता अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी, उनके आंगन की मिट्टी यहां आना गर्व के पल हैं। जो इस सैन्य धाम में आएगा, वह शहीदों की शौर्य गाथा उनकी प्रेरणा लेकर जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक जताया। कहा कि जनरल बिपिन रावत का इस तरह जाना भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।
सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए सरकार संकल्पबद्ध
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों की समस्याओं के समाधान के लिए केन्द्र सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए गए। हमारे पूर्व सैनिकों की जो वन रैंक वन पेंशन की समस्या थी उसका समाधान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। बैटल कैजुवल्टी को दो लाख से बढ़ाकर आठ लाख रुपये किया गया है।

उत्तराखंड में सड़क, रेल व हवाई कनेक्टिविटी का हुआ विस्तार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। धारचूला-लिपुलेख-मानसरोवर जाने का रास्ता बन गया है। सांस्कृतिक दृष्टि से यह रास्ता बहुत महत्वपूर्ण है। रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी न केवल धाकड़ बल्लेबाज हैं बल्कि तेज तर्रार गेंदबाज भी हैं। वह विकास के क्षेत्र में ऑलराउंडर हैं। कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में 2024 में उत्तराखंड हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनेगा।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन
हेलीकॉप्टर क्रैश में गंभीर रूप से घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की जानकारी मिलने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कार्यक्रम में मौजूद तमाम लोगों ने दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की।

जनरल बिपिन रावत के सपनों को राज्य सरकार करेगी पूरा : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनरल बिपिन रावत का स्मरण करते हुए कहा कि वे अपनी अंतिम सांस तक देश के लिए समर्पित थे। जनरल रावत के उत्तराखंड को लेकर कुछ सपने थे, जिन्हें राज्य सरकार पूरा करने के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में देश की सेना का मान बढ़ा है। दुश्मनों को जवाब देने के लिये वीर सैनिकों को पूरी छूट दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे मनोयोग से सैन्य धाम का निर्माण कर रही है। 1734 शहीदों के घरों से पवित्र मिट्टी लाई गई है। भव्य सैन्य धाम युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगा। सैन्य भूमि उत्तराखंड ने एक से एक वीर सैनिक देश को दिये हैं जो कि देश की आन बान शान के लिये जीवन समर्पित कर रहे हैं। वीर सैनिकों का सम्मान हमारे लिये सबसे बढ़कर है।

रक्षा उपकरणों में आत्मनिर्भर बन रहा भारत: अजय भट्ट
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत रक्षा उपकरणों के निर्माण में आत्मनिर्भर बना है। पहले भारत रक्षा उपकरणों का आयात करता था, आज भारत से रक्षा उपकरणों का निर्यात भी किया जाने लगा है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश की सेना में हर पांचवा सैनिक उत्तराखंड से होता है। हम किसी शहीद को वापिस नहीं ला सकते, परंतु शहीदों का सम्मान और उनके परिवार की देखभाल करना हमारा परम दायित्व है। राज्य सरकार इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभा रही है। राज्य सरकार शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। सैन्य सम्मान राशि में कई गुना वृद्धि की है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विनोद चमोली, सहदेव पुंडीर, प्रदीप बत्रा, खजानदास, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, महापौर सुनील उनियाल गामा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!