राज्य आंदोलनकारी ने सम्मान लेने से किया इनकार
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : राज्य स्थापना दिवस पर रामलीला मैदान में प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी महेंद्र असवाल ने सम्मान लेने से इनकार कर दिया। वहीं, कुछ राज्य आंदोलनकारियों ने उचित सम्मान नहीं मिलने की बात कहते हुए प्रभारी मंत्री के सामने नाराजगी भी जताई। हालांकि डीएम द्वारा आंदोलनकारियों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन आंदोलनकारी शांत नहीं हुए। हंगामा बढ़ता देख प्रभारी मंत्री कार्यक्रम से डीएम कार्यालय में जिला योजना की बैठक के लिए निकल गए।
बुधवार को राज्यस्थापना दिवस पर रामलीला मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान आंदोलनकारियों, सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। इसी दौरान राज्य आंदोलनकारी महेंद्र असवाल ने सम्मान लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में नौकरशाह बेलगाम हो गए हैं, शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल से लेकर डीएम तक को दी गई शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे दु:खी होकर उन्होंने सम्मान लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में हमारी मां, बहू,बेटी सुरक्षित नहीं है तो हम किस खुशी में सम्मानित हों। उन्होंने कहा कि राज्य का गठन यहां के विकास, सुरक्षा को लेकर किया गया था। मगर 22 साल बीत जाने के बाद भी ना तो यहां महिलाएं सुरक्षित है और ना ही प्रदेश में विकास हो पाया है। जिससे दु:खी होकर उन्होंने आज सम्मान लेने से इनकार कर दिया।