हड़ताल कर रहे वकीलों ने बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया, आज मोन व्रत

Spread the love

देहरादून()। चैंबर निर्माण में सरकार से सहयोग नहीं मिलने पर हड़ताल पर बैठे वकीलों ने बुधवार को सरकार का बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया। गुरुवार को वकील हड़ताल के दौरान मोन व्रत करते हुए आक्रोश जताएंगे। नए कोर्ट परिसर में चैंबर निर्माण में सहयोग और अतिरिक्त चैंबर बनाने को खाली हुए जिला न्यायालय की जमीन आवंटन की मांग करते हुए दून के वकील बीते 18 नवंबर से हड़ताल पर हैं। हड़ताल से न्यायालयों और रजिस्ट्री ऑफिस में कामकाज ठप है। इस वजह से हर रोज हजारों केसों पर सुनवाई और 200 के करीब रजिस्ट्रियां नहीं हो पा रही हैं। हड़ताल पर चल रहे बार एसोसिएशन देहरादून से जुड़े वकीलों ने बुधवार को सुबह साढ़े दस बजे से तीन बजे तक कोर्ट के बाहर हरिद्वार रोड पर अन्य दिनों की तरह जाम लगाया। इस दौरान सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ भी किया गया। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल, सचिव राजबीर सिंह बिष्ट, भानू प्रताप सिसोदिया, संजीव शर्मा, शिवा वर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *