कोटद्वार-पौड़ी

शादी त्योहार में बदहाल हुई यातायात व्यवस्था, लग रहा जाम

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

लगातार विकराल हो रही स्थिति से आमजन का पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: शादी व त्योहार सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। सुबह से ही सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लग रहा है। लगातार बढ़ रही समस्या के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। विकराल होती स्थिति के बाद भी यातायात पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है। इक्का-दुक्का पीआरडी जवानों के भरोसे ही यातायात व्यवस्था चल रही है।
पितृ पक्ष समाप्त होने के बाद शादी व त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में के बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। लेकिन, शहर में पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण यातायात बेपटरी होता जा रहा है। सुबह से ही सड़कों पर भारी जाम नजर आ रहा है। जगह-जगह बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन आमजन की समस्या बढ़ रहे हैं। यातायात बेहतर बनाने के दावे करने वाली पुलिस भी कहीं नजर नहीं आ रही। मुख्य चौराहों पर केवल पीआरडी के जवान ही नजर आ रहे हैं। देवी रोड निवासी कुलदीप सिंह, महेंद्र नेगी ने बताया कि त्योहार सीजन में शहर की सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। पार्किंग व्यवस्था करने के लिए क्षेत्रवासी कई बार नगर निगम व उच्च अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं। लेकिन, अब तक हालात जस के तस बने हुए हैं।

इन स्थानों पर है समस्या
शहर में जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी नजीबाबाद रोड, झंडाचौक, गोखले मार्ग, स्टेशन रोड, बदरीनाथ मार्ग व देवी रोड में हो रही है। सड़कों पर फैला अतिक्रमण भी जाम का एक मुख्य कारण बन रहा है। कई व्यापारियों ने सड़क तक अपनी दुकानें सजाई हुई हैं। नगर निगम व प्रशासन की ओर से कभी कभार केवल खानापूर्ति के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। जबकि, अतिक्रमण अभियान समाप्त होने के बाद स्थिति जस की तस हो जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!