बिग ब्रेकिंग

अगले तीन दिन पर्यटकों के लिए बंद रहेगी फूलों की घाटी, बारिश को देखते हुए लिया निर्णय

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जोशीमठ । मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए फूलों की घाटी में आवाजाही तीन दिनों के लिए बंद कर दी गई है। वहीं रुद्रनाथ यात्रा को भी दो दिनों के लिए रोक दिया गया है। दोनों पर्यटक और धार्मिक स्थल उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित हैं। डीएफओ ने बृहस्पतिवार सुबह यह आदेश जारी किया।
बृहस्पतिवार को फूलों की घाटी जाने के लिए यहां करीब 50 पर्यटक टिकट लेने गए थे लेकिन उन्हें वापस भेज दिया गया। फूलों की घाटी के वन क्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि घाटी को तीन दिनों (बृहस्पतिवार से शनिवार) तक पर्यटकों के लिए बंद किया गया है।
उधर, रुद्रनाथ यात्रा पर भी शुक्रवार और शनिवार के लिए रोक लगाई गई है। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के उपवन संरक्षक इंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। शनिवार तक दोनों जगह पर आवाजाही बंद रहेगी। उसके बाद मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा
विश्व प्रसिद्घ फूलों की घाटी के दीदार के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है। अभी तक रिकर्ड 19852 पर्यटक फूलों की घाटी के दीदार के लिए पहुंचे हैं, जबकि 2019 में इस समय तक सर्वाधिक 17,424 पर्यटक घाटी में पहुंचे थे। फूलों की घाटी 31 अक्तूबर को बंद हो जाएगी। फूलों की घाटी में इस बार पर्यटकों की पूरे सीजन में चहल-पहल बनी रही। एक जून को घाटी पर्यटकों के लिए खोल दी गई थी।
घाटी में पांच सौ से अधिक प्रजातियों के फूल अलग-अलग समय पर खिलते हैं। जुलाई के पहले हफ्ते से अक्तूबर तीसरे हफ्ते तक कई फूल खिले रहते हैं। यहां पोटोटिला, प्रिम्यूला, एनीमोन, एरिसीमा, एमोनाइटम, ब्लू पपी, मार्स मेरी गोल्ड, ब्रह्म कमल, फैन कमल जैसे कई फूल खिले रहते हैं। घाटी में दुर्लभ प्रजाति के जीव जंतु, वनस्पति व जड़ी बूटियों का भंडार है। विभिन्न प्रकार के फूल होने पर यहां तितलियों का भी संसार रहता है। इस घाटी में कस्तूरी मृग, मोनाल, हिमालय का काला भालू, गुलदार, हिम तेंदुआ भी दिखता है।
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व धरोहर फूलों की घाटी नंदा देवी नेशनल पार्क के अंतर्गत आती है। इसकी प्रातिक खूबसूरती और जैविक विविधता के कारण वर्ष 2005 में यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर घोषित किया था। 87़5 वर्ग किमी में फैली फूलों की घाटी न सिर्फ भारत बल्कि विदेशी पर्यटकों को भी अपनी ओर आकर्षित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!