देहरादून में नर्सिंग भर्ती को लेकर गरमाया माहौल: वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति की उठी मांग

Spread the love

देहरादून)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नर्सिंग एकता संघर्ष समिति ने एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान समिति ने दो टूक शब्दों में मांग रखी कि प्रदेश में नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से वरिष्ठता और वर्षवार मेरिट के आधार पर की जानी चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की खास बात यह रही कि वरिष्ठ अभ्यर्थियों के इस रुख को जूनियर युवाओं का भी भरपूर समर्थन मिला। मंच साझा करते हुए जूनियर अभ्यर्थियों ने कहा कि सालों से रोजगार का इंतजार कर रहे अनुभवी और वरिष्ठ साथियों को भर्ती में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। यह लड़ाई किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे नर्सिंग समाज के न्याय और सम्मान की है।
समिति के प्रतिनिधियों ने याद दिलाया कि पूर्व में भी कई सरकारी भर्तियां इसी वरिष्ठता प्रणाली के तहत सफलतापूर्वक पूरी की गई हैं, इसलिए इसी व्यवस्था को पुनः लागू किया जाए। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थी एक बड़ा और व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने की अपील की गई। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से आकाश, राधा, अमन, स्वाति, कोमल, अभिषेक, शालू, शिवानी और मुकेश सहित भारी संख्या में नर्सिंग संगठन से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *