श्रीनगर गढ़वाल : आंचल डेयरी परिसर दुग्ध विकास विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पौड़ी जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध समितियों को मजबूत बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। तय किया गया कि जनपद में 13 नई दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया जाएगा, जबकि 10 निष्क्रिय या कमजोर समितियों का पुनर्गठन कर उन्हें सक्रिय बनाया जाएगा। इसके साथ ही जनपद में प्रतिदिन 6 हजार लीटर दूध उपार्जन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक सुपरवाइजर को अपनी-अपनी समितियों से 500-500 लीटर अतिरिक्त दूध उपार्जित कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि दुग्ध समितियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखते हुए अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाए। बैठक में आंचल डेयरी के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लक्ष्य प्राप्ति का आह्वान किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक सुरेंद्र सिंह एवं प्रधान प्रबंधक श्रवण कुमार शर्मा ने की। (एजेंसी)