दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेजों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मचा हड़कंप

Spread the love

नई दिल्ली, देश की राजधानी में एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है. दिल्ली में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली यूनिवर्सिटी के दो कॉलेज रामजस कॉलेज और देशबंधु कॉलेज को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली. ईमेल करने वाले ने बताया कि वे दोपहर 1.15 पर ब्लास्ट करेंगे. धमकी मिलने के बाद दोनों कॉलेजों में सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया है.
जांच में सामने आया है कि मेल भेजने वाले ने दावा किया कि दोनों कॉलेज परिसरों में 3 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं, जिनमें से एक को दोपहर 1:15 बजे विस्फोट के लिए टाइम सेट किया गया है. धमकी की सूचना पर दिल्ली पुलिस और बम स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. वहीं, इस घटना से दोनों कॉलेजों के छात्रों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल पैदा हो गया. हालांकि पुलिस की त्वरित और सफल कार्रवाई से यह सुनिश्चित हो गया कि स्थिति नियंत्रण में है और कोई खतरा नहीं है.
बता दें कि इससे पहले भी कुछ दिनों पहले दिल्ली के द्वारका और प्रशांत विहार में स्थित दो सीआरपीएफ स्कूलों को 18 नवंबर को ईमेल के माध्यम से बम धमकी भेजी गई. इसी तरह साकेत कोर्ट, रोहिणी कोर्ट और पटियाला कोर्ट में भी धमकी भरे संदेश पहुंचे. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत सभी जगहों पर पहुंचीं और जांच शुरू की, लेकिन कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई.
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *